रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित बेबीलॉन टावर में मंगलवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में दर्जनों लोग फँस गए थे, लेकिन जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और कुछ साहसी युवाओं की त्वरित कार्रवाई ने बड़ा हादसा टाल दिया। प्रशासनिक अमले और युवाओं की बहादुरी से सभी फँसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस अदम्य साहस और सेवाभाव को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने इन जांबाज युवाओं को सम्मानित किया।
रायपुर के बेबीलॉन टावर में भीषण आग प्रशासन की त्वरित कार्रवाई।
आग लगते ही बेबीलॉन टावर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँच गईं। रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए CMO सचिवालय से भी लगातार पल-पल की जानकारी ली जाती रही। अधिकारियों ने सातवें माले तक पहुँचकर फँसे लोगों को बाहर निकालने का रास्ता बताया और घबराए हुए लोगों को हिम्मत दी।
![]()
इस दौरान जिला सेनानी अधिकारी पुष्पराज सिंह और एसडीएम नंदकुमार चौबे बेबीलॉन टावर पहुँचे और रेस्क्यू की अगुवाई की। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। धुआँ और आग की लपटों के बीच रेस्क्यू टीम ने एक दिव्यांग व्यक्ति को गोद में उठाकर सुरक्षित बाहर निकाला।
युवाओं की बहादुरी
रेस्क्यू ऑपरेशन में छह युवाओं ने साहस और अदम्य हिम्मत का परिचय दिया। इनमें सोमेश साव, देवाशीष बरिहा, आकाश साहू, विशाल यादव, अभिषेक सिन्हा और नगर निगम के कर्मचारी ए. वेनूगोपाल शामिल थे। ये युवा आग और धुएँ के बीच बिना अपनी जान की परवाह किए लोगों को बचाने में जुट गए।
युवा सोमेश साव ने बताया कि उन्हें आग की सूचना दोस्त से फोन पर मिली। वे महज 10 मिनट में घटनास्थल पर पहुँचे। वहाँ पहुँचते ही उन्होंने बेसमेंट से फायर उपकरण इकट्ठा किए और सीढ़ियों के रास्ते ऊपर चढ़ते हुए फ्लोर-फ्लोर जाकर आग बुझाने लगे। इसी तरह देवाशीष, आकाश और विशाल ने भी धुएँ से जूझते हुए फँसे लोगों को बाहर निकाला।
नगर निगम कर्मचारी ए. वेनूगोपाल ने धुएँ से बचाव के लिए एक अहम सलाह दी। उन्होंने गीले कपड़े को मास्क की तरह इस्तेमाल करने की बात कही, जिससे धुएँ के बीच लोगों को सांस लेने में आसानी हुई और रेस्क्यू कार्य तेज़ हुआ।
सम्मान समारोह
रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन जांबाज युवाओं को बुधवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने सम्मानित किया। उन्हें शॉल और किताब भेंट की गई।
इस मौके पर कलेक्टर ने कहा कि – “ये युवा हमारे समाज के गौरव हैं। इन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना दूसरों की जान बचाई। ऐसे युवाओं की वजह से ही समाज सुरक्षित और मजबूत बनता है। इनके माता-पिता को भी बधाई, जिन्होंने इतनी जिम्मेदार और बहादुर संतानों की परवरिश की।”
एसएसपी ने भी बेबीलॉन टावर में युवाओं की तारीफ़ करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएँ समाज के लिए सीख हैं कि जब हम सब मिलकर संकट का सामना करते हैं, तो बड़ी से बड़ी मुश्किल को भी पार कर सकते हैं।
घटनास्थल पर मौजूद प्रशासनिक अमला
बेबीलॉन टावर में आग बुझाने और राहत कार्य में कलेक्टर और एसएसपी के अलावा जिला सेनानी अधिकारी पुष्पराज सिंह, तेलीबांधा थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा, नगर निगम की टीम और एसडीआरएफ के जवान पूरी रात जुटे रहे। सभी ने तालमेल के साथ काम करते हुए आग पर काबू पाया और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।





