बसना(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्युशन कंपनी लिमिटेड (विद्युत विभाग) के पथरला वितरण केंद्र द्वारा राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 03 फरवरी 2026 को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री अभिमन्यु प्रधान, मंडल अध्यक्ष भाजपा रहे, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री निराकार प्रधान (जनपद सदस्य पथरला), श्री सुभाष बंजारा (महामंत्री भाजपा), श्री ताराचंद प्रधान (सदस्य भाजपा), श्री भरतलाल चौधरी (सरपंच ग्राम पंचायत पथरला) एवं श्री मालिकराम रौतिया (सरपंच ग्राम पंचायत बैतारी) उपस्थित रहे।
विद्युत विभाग में आयोजित महोत्सव में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग की अब तक की उपलब्धियों, उपभोक्ताओं को दी जा रही बेहतर सेवाओं एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में विद्युत विस्तार की सराहना की गई। महोत्सव में बीपीएल कनेक्शनधारी, दो वर्षों से नियमित बिल भुगतान करने वाले घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषक उपभोक्ताओं के साथ-साथ पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रथम पांच-पांच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि श्री अभिमन्यु प्रधान ने विद्युत क्षेत्र में हो रही निरंतर प्रगति की सराहना करते हुए आम जनता से अपील की कि वे पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत दी जा रही सब्सिडी का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने विद्युत कर्मियों के सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनकी मेहनत से ही प्रदेश में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।

इस अवसर पर सहायक अभियंता श्री आर. के. बारीक ने कृषक जीवन ज्योति योजना, एकल बत्ती योजना, पी.एम. सूर्य घर योजना एवं मोर बिजली मोबाइल ऐप की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कंपनी की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्मार्ट मीटर एवं नई तकनीकों की जानकारी दी गई। मंच संचालन श्री मनोज पटेल (डाटा एंट्री ऑपरेटर) ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री ठनेक सिंह (कनिष्ठ अभियंता पथरला) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्युत कर्मी एवं उपभोक्ता उपस्थित रहे।




