बसना अस्पताल भवन विस्तार के लिए ₹18 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत, सांसद रूपकुमारी चौधरी ने जताया आभार
बसना। बसना विधानसभा अंतर्गत बसना विकासखंड के शासकीय अस्पताल के स्वविस्तारित भवन निर्माण के लिए छत्तीसगढ़ शासन ने ₹18 करोड़ 6 लाख 48 हजार की राशि स्वीकृत की है। इस निर्णय पर महासमुंद लोकसभा की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
सांसद चौधरी ने कहा कि अस्पताल भवन के निर्माण पूर्ण होने के बाद स्थानीय आमजन को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी। इससे न केवल बसना विकासखंड बल्कि आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ शासन एवं स्वास्थ्य मंत्री द्वारा लगातार लोककल्याण और जनहित को केंद्र में रखकर उठाए जा रहे कदम सराहनीय हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास प्रदेश की जनता के जीवन को सशक्त बनाने और छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास को गति देने में मील का पत्थर साबित होंगे।



