सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा में एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण के अंतर्गत छात्राओं को हीराकुंड बांध एवं विज्ञान पार्क, संबलपुर ले जाया गया, जहाँ उन्होंने ज्ञानवर्धक जानकारी के साथ-साथ मनोरंजक अनुभव भी प्राप्त किया।
शैक्षणिक भ्रमण में शासकीय कन्या उच्च प्राथमिक शाला तोरेसिंहा की छात्राओं को सीखने का आनंद मिला।
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने हीराकुंड बांध की विशाल संरचना, जल प्रबंधन प्रणाली और उसके महत्व को नजदीक से देखा। शिक्षकों द्वारा बच्चों को बांध के इतिहास, उपयोगिता और वैज्ञानिक पहलुओं की सरल भाषा में जानकारी दी गई। इसके पश्चात विज्ञान पार्क संबलपुर में छात्राओं ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोगात्मक उपकरण और प्रदर्शनों को देखा, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी जिज्ञासा और रुचि में वृद्धि हुई।
शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ बच्चों के लिए हीराकुंड बांध के किनारे स्वरुचि भोजन का भी आयोजन किया गया, जिससे भ्रमण का अनुभव और भी यादगार बन गया। छात्राएं पूरे दिन उत्साह और अनुशासन के साथ कार्यक्रम में शामिल रहीं।
इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में प्रधान पाठक श्री ओमप्रकाश छत्रपति, शिक्षक श्री संजय भोई, श्री विवेक प्रधान एवं संकुल समन्वयक श्री संजीत पात्रो का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही पालकों में श्री सोमनाथ प्रधान, श्री मोहन भोई तथा श्रीमती कामिनी प्रधान (अध्यक्ष, शाला प्रबंधन समिति) का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और कक्षा की पढ़ाई को व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



