बसना।शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में अध्ययनरत बच्चों की पेयजल समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत गढ़पटनी द्वारा सराहनीय पहल की गई है। ग्राम पंचायत के सरपंच लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं उप सरपंच रोशन पटेल के सहयोग से विद्यालय परिसर में 1 एच.पी. क्षमता का नया मोटर पंप स्थापित किया गया, जिससे अब बच्चों को स्वच्छ एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
पेयजल समस्या सरपंच–उप सरपंच के सहयोग से दूर हुई।
विद्यालय में लंबे समय से पेयजल की पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण बच्चों एवं शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत ने त्वरित निर्णय लिया और मोटर पंप लगाने की स्वीकृति दी। पंचायत के इस प्रयास से विशेषकर गर्मी के मौसम में विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और उनके स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

नया मोटर पंप स्थापित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखा गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक सरविंद सिदार ने ग्राम पंचायत के सरपंच लक्ष्मी प्रसाद पटेल एवं उप सरपंच रोशन पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत का यह सहयोग बच्चों के हित में अत्यंत महत्वपूर्ण है और इससे विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

प्रधान पाठक ने आगे कहा कि ग्राम पंचायत एवं विद्यालय के आपसी समन्वय से ही शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति संभव है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

ग्राम पंचायत गढ़पटनी की यह पहल शिक्षा एवं बच्चों के कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशील सोच को दर्शाती है। इस कार्य से न केवल विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, बल्कि विद्यालय के समग्र शैक्षणिक वातावरण में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।




