महासमुंद : दिव्यांग बच्चों के लिए प्रमाण पत्र नवीनीकरण शिविर आयोजित
महासमुंद। विकासखंड महासमुंद स्थित बीआरसी भवन में गुरुवार को दिव्यांग बच्चों के लिए चिह्नांकन व नवीन प्रमाण पत्र नवीनीकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को सामाजिक और शैक्षणिक मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था।
शिविर में कुल 69 बच्चों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 28 बच्चों को नवीन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कुछ बच्चों को विशेष चिकित्सीय जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, वहीं 10 बच्चों के यूनिक आईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
विशेषज्ञ डॉक्टर मानव सतपथी, डॉ. अरविंद गुप्ता, डॉ. ओमेश्वरी साहू, डॉ. मंजूषा चन्द्रसेन, यू.के. गोतमारे, क्लर्क संतोष कुमार एवं विष्णु राम ने बच्चों की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं।
शिविर का संचालन बीआरपी अनीता निर्मलकर और स्पेशल एजुकेटर तुलसी साहू ने किया। इस अवसर पर बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा ने कहा, “कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उनका स्कूल में नामांकन और स्थायित्व सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।”
मौके पर सीएसी सुरेश पटेल, गणेश टंडन, रेणु चन्द्राकर, पुक राम कुर्रे, केशव साहू और भुनेश्वर साहू ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
एपीसी डी.एन. जांगड़े ने कहा कि “समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना समाज की प्रगति का परिचायक है। हर दिव्यांग बच्चा विशेष है और उनमें असीमित संभावनाएं छिपी होती हैं। परिवार और समाज का कर्तव्य है कि उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर होकर अपने सपनों को साकार कर सकें।”



