महासमुंद(जीतयादव)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस द्वारा विभिन्न थानों में जब्त अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में कुल 1 करोड़ 59 लाख 84 हजार 520 रुपये कीमत के मादक पदार्थों को नष्ट किया गया।
अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर, हेरोइन, सिरप और टैबलेट सहित 35 प्रकरणों में जब्त सामग्री नष्ट।
यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को रायपुर के सिलतरा स्थित बायो मेडिकल वेस्ट प्लांट (एसएमएस) में शासन की गाइडलाइन के अनुरूप की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में भौतिक सत्यापन के बाद संपन्न हुई।

पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न थाना और चौकी में दर्ज 35 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इनमें 720 ग्राम ब्राउन शुगर, 7 ग्राम हेरोइन, 2576 नग सिरप, 11,367 कैप्सूल, 62,449 टैबलेट और 4,123 इंजेक्शन (एम्पुल) शामिल थे।

इन प्रकरणों में थाना सिंघोड़ा का 1, सरायपाली के 4, बलौदा के 2, पटेवा का 1, तुमगांव का 1, महासमुंद के 13, बागबाहरा का 1, कोमाखान के 2 और बसना के 10 मामले शामिल रहे। नष्ट किए गए प्रकरणों में वर्ष 2017 से लेकर वर्ष 2025 तक के मामले शामिल हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के खिलाफ जिले में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।




