जिला शिक्षा अधिकारी ने झलप विद्यालय का किया निरीक्षण, परिणाम सुधार के दिए निर्देश
महासमुंद। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झलप में गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) विजय कुमार लहरे एवं जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) रेखराज शर्मा ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी व्याख्याताओं और शिक्षकों की स्टाफ बैठक आयोजित की गई, जिसमें शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार और विद्यार्थियों के परिणाम उन्नयन पर विशेष चर्चा की गई।
कक्षा 10वीं के मात्र 47 प्रतिशत परीक्षा परिणाम पर चिंता व्यक्त करते हुए डीईओ लहरे ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विषय के निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार नियमित अध्यापन कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने दैनंदिनी संधारण, विद्यार्थियों की कॉपियों की प्रतिदिन जांच और बच्चों को स्तरानुसार वर्गीकृत कर उन्हें विशेष मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
डीईओ ने शिक्षकों को टीएलएम (Teaching Learning Material) के प्रभावी उपयोग और प्रत्येक विषय के प्रयोगात्मक कार्यों को अनिवार्य रूप से कराने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अनुपस्थित विद्यार्थियों को चिन्हांकित कर जनसहयोग से पुनः विद्यालय से जोड़ा जाए तथा पालक संपर्क अभियान को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने प्राचार्य को प्रतिदिन कक्षा अवलोकन करने, शिक्षकों के साथ नियमित स्टाफ मीटिंग आयोजित कर परिणाम सुधार हेतु रणनीति बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत अपार आईडी निर्माण एवं यू-डाइस पंजीयन पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर खेल अधिकारी अंजली बरमाल, बीईओ लीलाधर सिन्हा, बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा, एवं एबीईओ हीना धालेन सहित अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।



