बसना(जीतयादव)।थाना अंतर्गत पुलिस चौकी भंवरपुर के ग्राम जमदरहा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। ग्राम लिमदरहा निवासी 25 वर्षीय गौतम साहू का शव जमदरहा स्थित पानी टंकी अहाता ग्राउंड के अंदर पाए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भंवरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

मौत संदिग्ध, हत्या या आत्महत्या—जांच में जुटी पुलिस।
मृतक के पिता सूजन साहू के अनुसार, उनका पुत्र गौतम साहू 12 जनवरी 2026 को अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG06 GC 6352) से धान बिक्री का पैसा निकालने बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा चनाट गया था। दोपहर बाद बैंक से निकलने के बाद वह लापता हो गया और शाम तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

अगले दिन सोशल मीडिया पर एक अज्ञात शव की तस्वीर वायरल हुई, जिसके बाद परिजनों को इसकी जानकारी मिली। सूचना मिलने पर परिजन रिश्तेदारों के साथ घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान गौतम साहू के रूप में की गई। प्रारंभ में ग्रामीणों द्वारा शव को अज्ञात समझा जा रहा था।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चीर घर भेजा गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गौतम साहू ने बैंक से पैसे निकाले थे या नहीं।

पुलिस के अनुसार युवक की मौत हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना—किस कारण से हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। भंवरपुर चौकी पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामले की गहन विवेचना कर रही है।घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



