पिथौरा : मजदूर दलाल कार्यालय में युवक की मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार
पिथौरा।मजदूर दलाल के कार्यालय में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम तटबदन सिन्हा उर्फ बदन, हीरालाल यादव और घनश्याम राजपूत हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
📌 परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक की मारपीट कर हत्या की गई और बाद में शव को फांसी पर लटका दिया गया। शनिवार को परिजनों ने थाना परिसर के बाहर धरना भी दिया था। वहीं, देर रात तक पीड़ित पक्ष की महिलाओं ने हंगामा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
📌 पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। सूत्रों के अनुसार, हीरालाल यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर मृतक को घर से उठाया था, जिससे उसके खिलाफ संदेह और गहरा गया है।
📌 यह है पूरा मामला
शनिवार को पिथौरा स्थित मजदूर दलाल के कार्यालय की खिड़की में युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बलौदाबाजार जिले के कौहाबाहरा निवासी जलंधर यादव (35) के रूप में हुई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।



