कंटेनर की टक्कर से ब्रेड विक्रेता की दर्दनाक मौत, बसना पुलिस ने किया केस दर्ज
बसना (जीत यादव)। ग्राम बिटांगीपाली स्थित ढाबा के पास एक कंटेनर वाहन ने बाइक सवार ब्रेड विक्रेता को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। मिल रही जानकारी के अनुसार, मृतक चंदर सिंह चौहान, निवासी बरतियाभांठा (थाना सरायपाली), अपने क्षेत्र के गांवों में घूम-घूमकर डबलरोटी (ब्रेड) बेचने का काम करता था। प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह भी वह अपनी बाइक हीरो होंडा (क्रमांक CG 04 JK 2805) से कारोबार के लिए घर से निकला था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदर सिंह बसना से सरायपाली की ओर जा रहा था, तभी रायपुर दिशा से आ रहा कंटेनर (क्रमांक RJ 07 GD 7189) तेज रफ्तार से आया और उसने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चंदर सिंह बाइक सहित सड़क पर गिर गया और पीछे वाले चक्के के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भाई सुबेलाल चौहान ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर बसना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को आगे की प्रक्रिया हेतु अस्पताल भेजा।बसना पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं धारा 106(1), बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में दुख और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



