महासमुंद(जीतयादव)।सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लभराखुर्द गांव में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कुएं से बोरी में भरा युवक का शव बरामद हुआ। शव करीब 20 से 25 दिन पुराना बताया जा रहा है और सिर व कंधे पर मिले गहरे चोट के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
20-25 दिन पुराना शव, प्लानिंग के तहत ठिकाने लगाने के मिले सबूत।
जानकारी के अनुसार, लभराखुर्द गांव में यश पोल्ट्री फॉर्म के पास एक ग्रामीण बकरी चराने गया था। इसी दौरान उसे कुएं से तेज दुर्गंध महसूस हुई और अंदर एक बोरी दिखाई दी। उसने तुरंत कोटवार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सी की मदद से बोरी को बाहर निकाला, जिसमें एक अज्ञात युवक का शव मिला। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष आंकी जा रही है।

जांच में सामने आया कि शव को योजनाबद्ध तरीके से ठिकाने लगाया गया था। युवक के पैरों को मोड़कर दो बोरियों में भर दिया गया था और उनमें पत्थर व मुरूम डाले गए थे, ताकि पानी में डूबा रहे। बोरियों को महिला की साड़ी के टुकड़ों से बांधा गया था। पुलिस ने मौके से खून से सनी शर्ट, कुछ नकदी और एक गुलेल भी बरामद किया है।

फॉरेंसिक जांच में शव 20-25 दिन पुराना पाया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस हत्याकांड में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है और गुमशुदगी के मामलों के मिलान के साथ CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




