महासमुंद(जीतयादव)। तुमगांव थाना क्षेत्र में हुई साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने झारखंड राज्य के जामताड़ा और देवघर जिले से जुड़े ऑनलाइन ठगी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपियों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से 2 लाख 49 हजार 988 रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी।
गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजने पर हुई 2.49 लाख की साइबर ठगी, पुलिस ने मोबाइल-लैपटॉप समेत 2.88 लाख की संपत्ति जब्त की।
मामले में प्रार्थी दिनेश कुमार ठाकुर निवासी बिजरापाली, थाना तेंदुकोना ने 4 जनवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके एसबीआई बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से बड़ी राशि निकाल ली गई है। प्रार्थी ने बताया कि उसने BOODMO कंपनी से कार के व्हील रिम ऑर्डर किए थे। ऑर्डर की जानकारी नहीं मिलने पर उसने गूगल से कस्टमर केयर नंबर खोजकर कॉल किया। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उससे Helpdesk Host ऐप डाउनलोड कराया और स्क्रीन मिररिंग के जरिए उसके खाते तक पहुंच बनाकर पैसे निकाल लिए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना महासमुंद की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर आरोपियों का लिंक झारखंड के देवघर जिले से जुड़ा पाया। इसके बाद पुलिस टीम ने देवघर के ग्राम बेहरापहरी में दबिश देकर मुफितयाज अंसारी, इरफान अंसारी और मो. मुख्तार अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप, वाई-फाई उपकरण और दो सिम कार्ड सहित कुल 2 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया है कि इन आरोपियों के खिलाफ देश के 14 राज्यों में 36 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।




