सुकमा में CRPF जवान ने खुद को मारी गोली, 6 पेज का सुसाइड नोट बरामद
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। यहां CRPF के जवान निलेश कुमार गर्ग ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार रात करीब 10:30 बजे इंजरम कैम्प में हुई। जवान के पास से 6 पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। हालांकि उसमें क्या लिखा है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल मामले की जांच सीआरपीएफ के अधिकारी कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश का रहने वाला था जवान
मृतक जवान निलेश कुमार गर्ग मध्य प्रदेश का रहने वाला था और वर्तमान में 219 बटालियन में पदस्थ था। आत्महत्या की वजह का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
16 दिन पहले बिहार के जवान ने की थी आत्महत्या
सुकमा जिले में यह पहली घटना नहीं है। महज 16 दिन पहले बिहार के रहने वाले CRPF जवान ने भी ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी। वह हाल ही में छुट्टी से कैंप लौटा था।
30 जुलाई को बीजापुर में भी जवान ने किया था सुसाइड
इससे पहले 30 जुलाई को बीजापुर जिले के नैमेड़ थाना क्षेत्र में 22वीं बटालियन के जवान पप्पू यादव ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली थी। पप्पू यादव बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था। उसने छुट्टी से लौटने के अगले ही दिन आत्महत्या कर ली थी।
क्यों कर रहे जवान आत्महत्या?
बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में तैनात जवानों के आत्महत्या करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
समय पर छुट्टियां न मिलना
पारिवारिक कलह
अफसरों और जवानों के बीच कम्युनिकेशन गैप
साथियों के बीच आपसी तनाव और मजाक-मस्ती
ये सभी प्रमुख कारण बताए जाते हैं। कई मामलों में जवान छुट्टी से लौटने के बाद भी आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं।



