सांकरा। ग्राम सांकरा में ग्रामीण स्तर की अंडर PCS ड्यूस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार, 27 अक्टूबर 2025 को भव्य समारोह के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

आयोजक समिति की जानकारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मुकाबले माटीदरहा स्थित दृष्टष्ट ग्राउंड में खेले जाएंगे, जो सांकरा से लगभग 5 किलोमीटर दूरी पर परसवानी रोड पर स्थित है। प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार ₹20,000/- एवं ट्रॉफी, जबकि द्वितीय पुरस्कार ₹10,000/- एवं ट्रॉफी रखा गया है।
प्रवेश शुल्क ₹1200/- निर्धारित किया गया है। इस आयोजन का संचालन सागर 11 सावित्रीपुर द्वारा किया जा रहा है, जबकि JMK 11 माटीदरहा सहयोगी संस्था की भूमिका निभा रही है।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि मोक्ष कुमार प्रधान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा —
“ग्राम्य स्तर पर आयोजित ऐसे खेल न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि ये ग्रामीण युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने का सशक्त जरिया भी हैं। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।
मैं उम्मीद करता हूं कि यह टूर्नामेंट उत्कृष्ट खेल भावना के साथ संपन्न होगा और यहां के खिलाड़ी आगे चलकर जिले, प्रदेश और देश स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।”

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उद्घाटन मैच में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल भावना का परिचय दिया।
ग्रामीण क्षेत्र में ऐसे आयोजन युवाओं के खेल विकास के साथ-साथ सामाजिक एकता और सहभागिता को भी नई दिशा दे रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी ग्रामवासियों और प्रायोजकों के सहयोग के लिए आभार जताया।



