महासमुंद में कलेक्टर ने सुपोषण रथ को दिखाई हरी झंडी, पोषण माह के तहत चलाया जाएगा अभियान
महासमुंद। सेवा पखवाड़ा, रजत जयंती वर्ष एवं पोषण माह के अंतर्गत गुरुवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कलेक्ट्रेट परिसर से सुपोषण रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के सभी विकासखण्डों के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर आमजनों को सुपोषण और संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। छत्तीसगढ़ विज़न न्यूज़
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री जटवार, पर्यवेक्षक, परियोजना अधिकारी एवं विभागीय कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर की बेहतरी के उद्देश्य से इस वर्ष भी सितंबर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं में अभिसरण को मजबूत करना है। पूरे छत्तीसगढ़ सहित महासमुंद जिले में 17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक यह अभियान चलेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सुपोषण रथ जिले के पांचों विकासखंडों में 1 अक्टूबर तक भ्रमण करेगा। पोषण माह के दौरान महिलाओं, बच्चों और किशोरियों के स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता को सुदृढ़ बनाया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जन तक संतुलित आहार, स्कूल जाने वाले बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा परिवार स्तर पर पोषण थाली और मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा देना है। इस अभियान के तहत पूरे माह जिलेभर में आंगनबाड़ी केन्द्रों, स्कूलों, स्वास्थ्य केन्द्रों एवं पंचायत स्तर पर पोषण मेले और विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।



