रायपुर में तेज बारिश से विमान हवा में चक्कर काटते रहे, CM विष्णुदेव साय भी थे सवार
रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार देर रात हुई जोरदार बारिश ने एयरपोर्ट की व्यवस्था को बिगाड़ दिया। भारी बारिश और गहरे बादलों की वजह से एयर इंडिया और इंडिगो की दो फ्लाइट्स करीब आधे घंटे तक रायपुर के आसमान में चक्कर काटती रहीं। इनमें से एक इंडिगो विमान में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सवार थे।
जानकारी के मुताबिक सीएम साय दिल्ली से लौट रहे थे और उनका विमान रात 9.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंच गया था। लेकिन रनवे पर फिसलन और मिस्ड एप्रोच की आशंका के कारण पायलट ने विमान को लैंड कराने की बजाय सुरक्षित ऊँचाई पर उड़ान जारी रखी। इस दौरान विमान लगातार शहर का चक्कर लगाता रहा।
शहर का चक्कर काटता रहा विमान
करीब आधे घंटे बाद बारिश थमने पर इंडिगो फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे। सीएम को रिसीव करने के लिए रात में रायपुर कलेक्टर और एसएसपी एयरपोर्ट पहुंचे थे।



