महासमुंद(जीतयादव)। पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरकों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पेट्रोल, गैस और उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और उर्वरकों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। साथ ही आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

बैठक में बताया गया कि आम जनता की सुविधा के लिए राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां नागरिक गैस आपूर्ति या अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायत टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित कर स्थिति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि प्रदेश में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। गैस सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग भी सामान्य रूप से संचालित हो रही है।
![]()
मुख्यमंत्री ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, रेलवे, सैन्य और अर्धसैनिक बलों सहित अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सीमावर्ती चेक पोस्टों पर पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडरों के परिवहन पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा।
![]()
वीडियो कॉन्फ्रेंस में महासमुंद जिला कार्यालय से कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप, खाद्य अधिकारी अजय यादव सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि जिले में गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है तथा निगरानी के लिए कंट्रोल रूम और मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी गठित की गई है।



