पिथौरा। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना के तहत पिथौरा ब्लॉक से 53 श्रद्धालुओं का दल शनिवार को पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं को जनपद पंचायत परिसर से जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम घृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल और जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए विदा किया।
यह दल समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित तीर्थ दर्शन यात्रा के अंतर्गत प्रयागराज, काशी विश्वनाथ और सोए हनुमान जी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेगा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था का अद्भुत मिश्रण देखने को मिला।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष उषा घृतलहरे ने कहा कि — “मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना वृद्धजनों और श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र अवसर है, जो उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ आत्मिक शांति और नई ऊर्जा प्रदान करती है।”
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समाज कल्याण विभाग द्वारा की गई हैं। विभाग ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी यात्री सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त करें।
इस अवसर पर हरप्रसाद पटेल, युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वप्निल तिवारी, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, सिताराम, त्रिलोचन सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं को रवाना करते समय वातावरण में जयकारों और भक्ति भाव की गूंज सुनाई दी। जनप्रतिनिधियों ने सभी यात्रियों के मंगलमय, सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की।



