महासमुंद(जीतयादव)।शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचारपूर्ण योगदान के लिए “मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2025 – ज्ञानदीप पुरस्कार” से सरायपाली ब्लॉक के शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में पदस्थ शिक्षक ओमप्रकाश साव को सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं शैक्षणिक नवाचार के लिए प्रदान किया गया।

यह शिक्षक सम्मान समारोह दिनांक 16 जनवरी 2026 को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, चंद्रहास चंद्राकर (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ बीज भंडार निगम), इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी (राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट गाइड) एवं डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण के ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित होकर शिक्षक ओमप्रकाश साव ने रचा नया कीर्तिमान।
ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए पूरे महासमुंद जिले से केवल 3 शिक्षकों का चयन किया गया था, जिसमें शिक्षक ओमप्रकाश साव का चयन जिले के लिए गौरव की बात है। मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार को प्रोत्साहन तथा शिक्षकों को प्रेरित करना है।

ओमप्रकाश साव ने अपनी शिक्षकीय सेवा के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुधारने, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को सशक्त बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए हैं।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं वैज्ञानिक अभिरुचि विकसित करने के लिए अनेक नवाचार किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब तक
राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में 71 छात्रों का चयन
इंस्पायर अवार्ड मानक के अंतर्गत 11 छात्रों का चयन बाल वैज्ञानिक के रूप में हो चुका है।

उनके प्रयासों से विद्यालय को नई पहचान मिली है और क्षेत्र में एक सकारात्मक शैक्षणिक संदेश गया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक साथियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। सिंघोड़ा संकुल में इस सम्मान को लेकर हर्ष और गर्व का वातावरण है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी ओमप्रकाश साव को नवाचारी शिक्षक सम्मान, आदर्श शिक्षक सम्मान एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक रत्न सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।




