महासमुंद(जीतयादव)।विकासखंड सरायपाली के शिक्षकों को “मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2025” शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह दिनांक 16 जनवरी 2026 को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ।

“मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण” 2025 से सरायपाली विकासखंड के शिक्षक सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में पदस्थ शिक्षक ओमप्रकाश साव को मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण 2025 – ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें विद्यालय स्तर पर किए गए नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए दिया गया।
साथ ही सरायपाली विकासखंड के अन्य शिक्षकों को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें
श्रीमती वर्षा नंद, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला बानीगिरोला
श्री प्रदीप कुमार पटेल, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला कोड़ाडीपा
श्री रमाकांत पात्र, प्रधान पाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला तोरेसिंहा
श्रीमती प्रमिला पटेल, सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला अंतर्ला
श्री दयासागर नायक, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभाठा (नवागढ़)
शामिल रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, चंद्रहास चंद्राकर (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ बीज भंडार निगम), इंद्रजीत सिंह खालसा गोल्डी (राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट गाइड) एवं डाइट प्राचार्य अरुण प्रधान उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि ज्ञानदीप पुरस्कार के लिए पूरे महासमुंद जिले से केवल तीन शिक्षकों का चयन किया गया था। मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार को बढ़ावा देना और शिक्षकों को प्रेरित करना है।

सम्मानित शिक्षक ओमप्रकाश साव ने अपनी शिक्षकीय सेवा के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि बढ़ाने, नियमित उपस्थिति सुधारने, खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं वैज्ञानिक अभिरुचि विकसित करने के लिए अनेक नवाचार किए हैं। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय से अब तक राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) में 71 छात्रों का चयन तथा इंस्पायर अवार्ड मानक के अंतर्गत 11 छात्रों का चयन बाल वैज्ञानिक के रूप में हो चुका है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक साथियों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। सिंघोड़ा संकुल सहित पूरे क्षेत्र में इस सम्मान को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है। गौरतलब है कि ओमप्रकाश साव को पूर्व में भी नवाचारी शिक्षक सम्मान, आदर्श शिक्षक सम्मान एवं छत्तीसगढ़ शिक्षक रत्न सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है।



