स्वच्छता पखवाड़ा में बच्चों ने सीखी हाथ धुलाई की आदत
बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में आज 24 सितम्बर को स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व समझाया गया। कक्षा पहली से पाँचवीं तक के विद्यार्थियों को बारी-बारी से हाथ धुलाई का अभ्यास कराया गया।
शिक्षक लगन नाग और खीरवंती भोई ने बच्चों को खाने से पहले और शौचालय उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने के सही तरीके सिखाए। प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार सहित सभी शिक्षकों ने समझाया कि स्वच्छ हाथ स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी हैं। गंदे हाथों से दस्त, डायरिया और अन्य संक्रमण फैल सकते हैं। साथ ही बच्चों को रोज स्नान करने, साफ कपड़े पहनने, नाखून काटने और बालों की सफाई रखने की भी सलाह दी गई।
विद्यालय परिसर में समूह चर्चा और नारा लेखन का आयोजन हुआ। बच्चों ने “स्वच्छ रहो, स्वस्थ रहो” जैसे नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश फैलाया। अभिभावकों से भी बच्चों की आदतों पर ध्यान देने की अपील की गई।
अंत में सभी विद्यार्थियों ने शपथ ली कि वे घर और विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। इस प्रकार स्वच्छता पखवाड़ा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी।



