गढ़पटनी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दल द्वारा ग्राम गढ़पटनी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान कक्षा पहली से पांचवीं तक के सभी बच्चों की जांच की गई।
चिरायु दल में डॉ. कुलदीप प्रधान, स्वास्थ्य कर्मी चन्द्रकांती पटेल (आरएचओ), राकेश चौधरी (एनएलटी) तथा वाहन चालक दानीलाल कुलदीप शामिल रहे। दल ने विद्यार्थियों के आंख, दांत, कान, त्वचा, पोषण स्तर, ऊंचाई, वजन और सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। जिन बच्चों में किसी प्रकार की कमजोरी या बीमारी के लक्षण पाए गए, उन्हें आगे उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह दी गई।
विद्यालय के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार ने चिरायु दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम बच्चों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से न केवल बच्चों की बीमारियों का प्रारंभिक पता लगाया जा सकता है, बल्कि उन्हें समय पर इलाज भी मिल पाता है।
इस अवसर पर शिक्षक लगन नाग और खीरवंती भोई ने बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे और उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में उत्साह और जागरूकता का वातावरण रहा।



