शासकीय हाई स्कूल साल्हेतराई में बाल दिवस पर नशा मुक्ति रैली और विविध कार्यक्रमों का आयोजन
साल्हेतराई। शासकीय हाई स्कूल साल्हेतराई में बाल दिवस के अवसर पर जूनियर रेड क्रॉस और विद्यालय के बच्चों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत रैली निकाली गई। छात्रों ने ‘नशा छोड़ो – जीवन संवारो’, ‘स्वस्थ रहें – खुशहाल रहें’ जैसे नारों के साथ पूरे ग्राम में जन जागरूकता का संदेश फैलाया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का आग्रह किया।
विद्यालय में पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य महेश राम साव ने चाचा नेहरू के जीवन, उनके विचारों और बच्चों के प्रति उनके प्रेम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा और उज्ज्वल भविष्य को समर्पित दिन है।
विविध खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित
बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में बच्चों के लिए विभिन्न खेल-प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सभी गतिविधियों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के अंत में विजेता बच्चों को पुरस्कार और सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि श्री कमल नयन प्रधान, प्राचार्य महेश राम साव, वरिष्ठ व्याख्याता जगबंधु तांडी, हितेश मिश्रा, सत्येंद्र पाल, लीलेश्वरी साहू, प्रधान पाठक अयोध्या प्रसाद मिश्रा, मीरा ठाकुर, खीर कुमारी पटेल, प्रधान पाठक कामायनी पांडा, श्रीमती डालीं बूढ़ेक, सुमित्रा बंजारा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
सफल आयोजन
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं आयोजन वरिष्ठ व्याख्याता जगबंधु तांडी के निर्देशन में हुआ। उनके उत्कृष्ट आयोजन के लिए प्राचार्य महेश राम साव ने उन्हें शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित नशा मुक्ति रैली और विविध गतिविधियों ने कार्यक्रम को सार्थक और यादगार बना दिया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह और उल्लास से भरा रहा।






