रायपुर(जीतयादव)। विधानसभा सत्र के दौरान क्षेत्र के शासकीय महाविद्यालय तामासिवनी के छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ विधानसभा पहुंचकर सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखा और विधानसभा का भ्रमण किया।
तामासिवनी शासकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही देखी।
इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों के मार्गदर्शन में पहुंचे विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था के इस महत्वपूर्ण केंद्र को करीब से देखा।
विधानसभा भ्रमण के दौरान छात्रों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव तथा पंडरिया विधायक भावना बोहरा से भी सौजन्य भेंट की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके विचार सुने और लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि लोकतंत्र में जागरूक नागरिक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। युवाओं को देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली से जुड़ी कई जानकारियां प्राप्त कीं और अपने अनुभव साझा किए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि युवाओं का लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक होना समाज के लिए प्रेरणादायक है।



