बसना(जीतयादव)। कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसना में सत्र 2025-26 के राज्य छात्रवृत्ति कार्य की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोल्हे ने की। बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कँवर, बीआरसी अनिल सिंह साव सहित विकासखंड अंतर्गत विभिन्न संकुलों के समन्वयक, विद्यालयों के प्राचार्य, छात्रवृत्ति प्रभारी और प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
छात्रवृत्ति कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पांच दिन में लंबित प्रकरण निपटाने के निर्देश।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री विजय लहरे द्वारा जारी निर्देशों के पालन में छात्रवृत्ति पंजीयन, लंबित प्रकरणों और पोर्टल में दर्ज प्रविष्टियों की विस्तृत समीक्षा की गई। विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोल्हे ने कहा कि जिले स्तर पर छात्रवृत्ति कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और समय-समय पर इसकी प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकासखंड स्तर पर छात्रवृत्ति कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

समीक्षा के दौरान संस्था प्रमुखों ने अपने-अपने विद्यालयों में छात्रवृत्ति कार्य की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान यह भी सामने आया कि कुछ विद्यालयों में छात्रवृत्ति से संबंधित प्रविष्टि और आवश्यक दस्तावेजों के अपलोड का कार्य अभी भी लंबित है। इस पर सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लोकेश्वर सिंह कँवर ने छात्रवृत्ति पोर्टल में सही प्रविष्टि, विद्यार्थियों की जानकारी के सत्यापन तथा आवश्यक दस्तावेजों के अपलोड के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
बैठक में बीआरसी अनिल सिंह साव ने प्रधान पाठकों और छात्रवृत्ति प्रभारियों की समस्याओं का समाधान बताया। वहीं संकुल समन्वयक बड़ेटेमरी श्री वारिश कुमार ने ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, राशन कार्ड में नाम सुधार, जन्म प्रमाण पत्र तथा आधार अपडेट से संबंधित प्रक्रियाओं की क्रमवार जानकारी दी।

इस दौरान संकुल समन्वयक डीजेन्द्र कुर्रे (जमदरहा), राजेश साहू (जेवरा), अमित भोई (कुदारीबाहरा) और खीर सागर खूंटे (बाराडोली) सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, छात्रवृत्ति प्रभारी एवं प्रधान पाठक बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री बद्री विशाल जोल्हे ने ड्रॉप बॉक्स में लंबित प्रकरणों की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी संस्था प्रमुख प्राथमिकता के आधार पर लंबित मामलों का निराकरण करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आगामी पांच दिवस के भीतर ड्रॉप बॉक्स में लंबित सभी प्रकरण, राशन कार्ड ई-केवाईसी तथा बैंक खाता आधार सीडिंग से संबंधित कार्य पूर्ण कर उसकी हार्डकॉपी कार्यालय में जमा कराई जाए।

उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी संस्था प्रमुख पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हुए पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में उपस्थित सभी प्रधान पाठकों और प्राचार्यों ने निर्देशों के पालन का आश्वासन देते हुए छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की सहमति व्यक्त की।



