दुर्ग। जिले में अपराधों का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। चोरी, ठगी और मारपीट के बाद अब चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी तेजी से सामने आ रही हैं। सोमवार 5 नवंबर की सुबह भिलाई और दुर्ग दोनों जगहों पर महिलाओं से सोने की चेन लूटने की घटनाएं हुईं। दोनों ही मामलों में आरोपी फरार हैं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
भिलाई में घर के बाहर फूल तोड़ रही महिला से छीनी चेन
पहली घटना भिलाई की है। सुबह करीब 6:40 बजे सेक्टर क्षेत्र में एक गृहिणी अपने घर की बाउंड्रीवाल के भीतर रोज की तरह गुड़हल के फूल तोड़ रही थी। तभी एक अज्ञात युवक स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचा और गले में पहनी करीब दो तोला वजन की सोने की चेन झपटकर भाग गया। महिला ने शोर मचाया और पीछा भी किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से निकल गया। चोरी गई चेन की कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़िता अपने पति के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
दुर्ग में रास्ता पूछने के बहाने चेन स्नेचिंग
दूसरी वारदात मोहन नगर थाना क्षेत्र के सिंधिया नगर इलाके में हुई। यहां सुबह की सैर पर निकली महिला से अज्ञात युवक ने रास्ता पूछने के बहाने सोने की चेन छीन ली। घटना सुबह करीब 6.30 बजे की है, जब महिला अपने घर लौट रही थी। बाइक सवार युवक ने उनसे किसी ‘उषा’ नाम की महिला का घर पूछते हुए दिशा पूछी, और जैसे ही महिला मुड़ी, उसने झपट्टा मारकर चेन खींची और फरार हो गया।
महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी आंख झपकते ही ओझल हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
दोनों ही घटनाओं के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहन नगर थाना प्रभारी के अनुसार, आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।



