रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के करीब 5 लाख शासकीय कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। राज्य शासन ने अक्टूबर माह का वेतन 17 और 18 अक्टूबर को अग्रिम रूप से भुगतान करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कर्मचारियों की सुविधा और त्योहारी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
दिवाली से पहले अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री साय की पहल पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सभी विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा — “मेरे लिए शासन केवल एक तंत्र नहीं, बल्कि कर्मठ साथियों का वह परिवार है जो पूरे मन से जनता की सेवा में समर्पित है। दीपावली पूर्व अग्रिम वेतन भुगतान का यह निर्णय उसी आत्मीयता का प्रतीक है कि सरकार अपने हर साथी की खुशियों में सहभागी बने।”

वेतन भुगतान के लिए राज्य के सभी कोषालय एवं उपकोषालय 18 अक्टूबर को भी खुले रहेंगे, ताकि किसी कर्मचारी को वेतन प्राप्त करने में कठिनाई न हो।

राज्य शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मजदूरी, मानदेय और पारिश्रमिक जैसी अन्य श्रेणियों में भी नियमानुसार अग्रिम भुगतान किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय शासकीय कर्मचारियों को न केवल आर्थिक राहत देगा बल्कि उनके परिवारों के साथ त्योहार की खुशियों को भी बढ़ाएगा।




