सरायपाली(जीतयादव)। विकासखंड स्तर पर कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 2025-26 के मूल्यांकन कार्य की शुरुआत कर दी गई है। कक्षा 5वीं का मूल्यांकन कार्य 28 मार्च 2026 से प्रारंभ हुआ, जबकि कक्षा 8वीं का मूल्यांकन कार्य 30 मार्च 2026 से शुरू किया जाना है। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और शिक्षकों ने मूल्यांकन कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया।
सरायपाली में शिक्षकों की ड्यूटी लगाकर केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा निष्पक्ष और समयबद्ध जांच के निर्देश।
वार्षिक परीक्षा का मूल्यांकन केंद्र में विषयवार शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर रहे हैं। मूल्यांकनकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों के उत्तरों का मूल्यांकन पूरी सावधानी और ईमानदारी से करें, ताकि छात्रों को उनके वास्तविक प्रदर्शन के अनुसार अंक मिल सकें।

मूल्यांकन कार्य विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी डी.एन. दीवान तथा बीआरसी देवानंद नायक के निर्देशन में किया जा रहा है। कक्षा 8वीं के लिए अंग्रेजी विषय के मूल्यांकन प्रभारी मनोहर मेहेर, गणित के मकरध्वज साहू और हिंदी के देवेंद्र भोई बनाए गए हैं।
इसी प्रकार कक्षा 5वीं वार्षिक परीक्षा के लिए हिंदी विषय में खिरोद जेरी (शा.प्रा.शाला मुंडपहार) और मुकेश प्रधान (शा.प्रा.शाला भुरसापखली), अंग्रेजी में किशन लाल चौधरी (शा.प्रा.शाला बाराडोली) और लोकेश पात्र (शा.प्रा.शाला खम्हारपाली), गणित में दयासागर नायक (शा.प्रा.शाला दर्राभाँठा) और सुरेश कर (शा.प्रा.शाला हरडासरार) तथा पर्यावरण विषय में दुकालू नायक (शा.प्रा.शाला कस्तूराबहाल) और राजेश प्रधान (शा.प्रा.शाला बैतारी) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अधिकारियों ने मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किया जा सके। मूल्यांकन केंद्र में शिक्षकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने बताया कि सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के सहयोग से मूल्यांकन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न किया जा रहा है।



