कोरबा में सीएएफ जवान ने साली और चाचा ससुर को गोली मारी, दोनों की मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से साली और चाचा ससुर पर गोलियां दाग दीं। इस वारदात में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र की है। वारदात के बाद ग्रामीणों ने आरोपी जवान को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
घरेलू विवाद से जुड़ा मामला
मृतकों की पहचान मदालसा बिन्धराज (21) और राजेश कुमार (35) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी जवान टेसराम बिंझवार उर्फ जगन्नाथ बिंझवार मड़वारानी स्थित सीएएफ कैंप में पदस्थ है। दो साल पहले उसकी शादी अवध बाई से हुई थी। पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के कारण परिजनों ने उन्हें अलग कर दिया था।
बुधवार सुबह वह ड्यूटी छोड़कर अपने घर आया और वहां से सर्विस राइफल उठाकर उमेंदी भांठागांव पहुंचा। मंदिर चौक के पास घर में घुसकर उसने साली को 2 गोलियां मारीं। इसके बाद भागने की कोशिश में चाचा ससुर राजेश को भी गोली मार दी।
ग्रामीणों ने पकड़ा आरोपी
दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी जवान भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसकी सर्विस इंसास राइफल जब्त कर ली है।
जांच जारी
कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। विस्तृत जांच के बाद ही पूरी वजह सामने आएगी।



