बसना(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि यह बजट आम जनता, किसानों और युवाओं की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने लगभग 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया है, लेकिन इसमें ग्रामीण क्षेत्रों और गरीब परिवारों के लिए ठोस राहत के प्रावधान अपेक्षाकृत कम दिखाई देते हैं।
आम जनता, किसानों और युवाओं की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा नहीं उतरा बजट।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि बजट में विभिन्न योजनाओं की घोषणाएं की गई हैं, किंतु जमीनी स्तर पर उन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कैसे होगा, इसकी स्पष्ट रूपरेखा सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, ऐसे में राहत और रोजगार सृजन के ठोस प्रावधान अपेक्षित थे।
उन्होंने बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर आर्थिक सहायता, सड़क योजना एवं आवास योजना के लिए राशि प्रावधान को सकारात्मक पहल बताया, लेकिन साथ ही कहा कि किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के लिए दीर्घकालिक और स्थायी योजनाओं की आवश्यकता है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने, कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने और विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए बजट में और अधिक प्रावधान किए जाने चाहिए थे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार भविष्य में जनता की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुधारात्मक कदम उठाएगी। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।



