पिथौरा(जीतयादव)। ब्राह्मण समाज द्वारा संचालित सामाजिक भवन परिसर की जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मामले में समाज के पदाधिकारियों ने एसडीएम पिथौरा को ज्ञापन सौंपकर अतिक्रमण हटाने और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ब्राह्मण समाज की भवन परिसर की बाउंड्री तोड़ने का आरोप, तत्काल कार्रवाई की मांग।
ज्ञापन में बताया गया है कि श्रीमती कलिन्द्री साहू पति लालु साहू एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा ब्राह्मण समाज की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों ने परिसर में लगाए गए तार एवं पिलर युक्त बाउंड्री वॉल को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
![]()
समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि इससे पूर्व भी संबंधित पक्ष द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर उसे अन्य व्यक्तियों को विक्रय किए जाने की शिकायत की जा चुकी है। इस संबंध में समाज ने कई बार प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की, किंतु समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
![]()
ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने अतिक्रमण का विरोध किया तो उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। समाज के कुछ सदस्यों के विरुद्ध पूर्व में कथित रूप से छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराए जाने की बात भी ज्ञापन में उल्लेखित है, जिससे समाज में भय का वातावरण बना हुआ है।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष गोपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि भूमि की स्थिति का राजस्व निरीक्षण कराकर अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
समाज के लोगों ने कहा कि सामाजिक भवन परिसर समाज की सामूहिक संपत्ति है, जहां धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। ऐसे में इस भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।



