सरायपाली। रामचंडी दिवस के पावन अवसर पर बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज रायपुर संभाग, छत्तीसगढ़ के युवा प्रकोष्ठ द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया था।
कार्यक्रम का उद्घाटन समाज के कार्यकारिणी अध्यक्ष श्री गिरधारी साहू, महामंत्री श्री मथामणि बढ़ाई, संरक्षक श्री हरिचरण प्रधान और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मंदाकिनी साहू के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष समाज ने एक अभिनव पहल के रूप में गरीब परिवारों की सहायता और समाज सेवा की भावना को केंद्र में रखकर रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया है।
रक्तदान शिविर में समाज के अनेक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बारिश के बावजूद युवाओं के जोश और समर्पण में कोई कमी नहीं आई। रक्तदान करने पहुंचे लोगों में विशेष रूप से मुख्य अतिथि श्री मोक्ष प्रधान , जिला पंचायत सदस्य महासमुंद ने भी रक्तदान किया और समाज की इस मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान कार्य है, जो न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि समाज में एकता और मानवता का संदेश भी देता है।
इस अवसर पर समाज के अनेक सदस्य, महिला मंडल, युवा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और आगे भी इस प्रकार के सामाजिक व जनहितकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।



