बसना(जीतयादव)।बसना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम और निर्णायक कदम उठाया गया है। हाल ही में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के गठन के बाद कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के गठन को मोक्ष कुमार प्रधान ने बताया संगठन के लिए निर्णायक कदम।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पिथौरा ब्लॉक से करन सिंह दीवान, बसना ब्लॉक से विजय कुमार साहू और सांकरा ब्लॉक से मधुसूदन साहू जैसे अनुभवी, जमीनी और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपे जाने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। यह संगठनात्मक गठन आगामी चुनावों और जनहित के मुद्दों को पूरी ताकत से उठाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से नीचे से ऊपर तक संगठन को सशक्त करने की नीति पर काम करती रही है। ब्लॉक स्तर पर सक्रिय और प्रतिबद्ध नेतृत्व के माध्यम से किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं की आवाज़ को अब और बुलंद किया जाएगा।

मोक्ष कुमार प्रधान ने भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनविरोधी फैसलों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता अब और अधिक संगठित, सक्रिय और संघर्षशील होकर मैदान में उतरेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे और जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी बसना विधानसभा क्षेत्र में जनआंदोलनों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से जनता से सीधा और सशक्त संवाद स्थापित करेगी।



