महासमुंद(जीतयादव)। खट्टी जंगल में मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा लिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो मृतक के ही परिचित और दोस्त बताए जा रहे हैं।
खट्टी जंगल में मिला था युवक प्रकाश पटेल का शव, 3 आरोपी गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को ग्राम खट्टी जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान शव की पहचान प्रकाश पटेल (23 वर्ष), निवासी खैराभांठा, महासमुंद के रूप में हुई। शव पर चेहरे, सीने और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान मिले थे तथा गले में गमछा बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका स्पष्ट हुई।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और मृतक युवक के साथ अंतिम बार देखे गए लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि चंद्रहास नेताम उर्फ काजू, गोपाल प्रधान और जालंधर सोनवानी, सभी निवासी उड़ियापारा रावणभांठा, महासमुंद, इस घटना में शामिल हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पुरानी रंजिश और गाली-गलौज के कारण उन्होंने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। 5 अप्रैल की रात आरोपियों ने मृतक को अपने साथ मोटरसाइकिल से खट्टी जंगल ले जाकर कांच की बोतल और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने लगातार दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर (क्रमांक CG 04 QQ 6845) भी जब्त की गई है।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। बताया गया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।



