महासमुंद(जीतयादव)।अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है, जिसमें पिता-बेटे ने मिलकर युवक की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था। यह घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
महासमुंद में अंधे कत्ल का खुलासा, पिता-बेटे ने युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंका।
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म के पास स्थित एनीकट कुएं में प्लास्टिक बोरी में भरा एक युवक का शव तैरता हुआ मिला था। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्यानारायण ध्रुव (27 वर्ष) निवासी लाफिनखुर्द, महासमुंद के रूप में हुई।

जांच में सामने आया कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। 6 मार्च 2026 को उसने अपनी मां के साथ मारपीट की, जिस पर उसके छोटे भाई ने गुस्से में पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पिता महेश ध्रुव और बेटे ने मिलकर शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल से ले जाकर कुएं में पत्थर बांधकर फेंक दिया, ताकि साक्ष्य छिपाया जा सके।

पुलिस ने आरोपी पिता महेश ध्रुव (54 वर्ष) निवासी लभराखुर्द, महासमुंद को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं नाबालिग आरोपी को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।इस मामले में घरेलू विवाद और शराब की लत को हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।




