बसना(जीतयादव)।भारतीय जनता पार्टी संगठन में बसना मंडल को एक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण देव सिंह जी एवं महासमुंद जिला भाजपा अध्यक्ष श्री ऐतराम साहू जी की अनुशंसा तथा महासमुंद की लोकप्रिय सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी जी, बसना के लोकप्रिय विधायक डॉक्टर श्री संपत अग्रवाल जी एवं बसना भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नरेन्द्र यादव की सहमति से बसना मंडल पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष पद पर श्री राकेश भारती को नियुक्त किया गया है।
भाजपा प्रदेश व जिला नेतृत्व की अनुशंसा पर हुई नियुक्ति, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर।
श्री राकेश भारती को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पिछड़ा वर्ग समाज में हर्ष का माहौल है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक सक्रियता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह दायित्व सौंपा है। नियुक्ति की घोषणा के बाद बसना क्षेत्र में कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें बधाइयां देने का सिलसिला जारी है।

नवनियुक्त अध्यक्ष श्री राकेश भारती ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्री राकेश भारती को इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में बसना मंडल का पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी संगठन को मजबूती मिलेगी।




