बसना(जीतयादव)।प्रदेश में धान खरीदी को अचानक बंद किए जाने को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है। इस फैसले के खिलाफ भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए मोक्ष कुमार प्रधान, जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता, ने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
भाजपा सरकार में धान खरीदी बंद होने से किसानों में आक्रोश-जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश के कई किसान अब तक अपना पूरा धान नहीं बेच पाए हैं। ऐसे में सरकार द्वारा धान खरीदी बंद कर देना किसानों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार ही समर्थन मूल्य पर धान नहीं खरीदेगी, तो किसान मजबूर होकर अपना धान किसे और कैसे बेचेगा?

उन्होंने बताया कि सरकार ने जनवरी माह पूरा होने से पहले ही 30 जनवरी को धान खरीदी बंद कर दी, जबकि जनवरी में 31 दिन होते हैं। यह निर्णय साफ तौर पर दर्शाता है कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं और जमीनी हकीकत से पूरी तरह कट चुकी है।मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और असंवेदनशील नीतियों के कारण आज अन्नदाता किसान मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहा है। किसान पहले ही महंगे बीज, खाद, कीटनाशक और डीजल की मार झेल रहे हैं, ऊपर से धान खरीदी बंद होने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही धान खरीदी की अवधि नहीं बढ़ाई, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में मजबूती से खड़ी रहेगी। जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।
अंत में मोक्ष कुमार प्रधान ने राज्य सरकार से मांग की कि धान खरीदी तुरंत पुनः शुरू की जाए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके और वे आर्थिक संकट से उबर सकें।




