बसना। बसना नेशनल हाइवे (NH353) पर स्थित ज़ेब्रा क्रॉसिंग के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, जीराडबरी निवासी दुपहिया चालक बकरी बेचने के लिए बकरी बाजार जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
बकरी बाजार जा रहे व्यक्ति को पीछे से आ रही कार ने मारी जोरदार ठोकर।
टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर लदी दो बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुपहिया चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद चालक कुछ देर तक सड़क पर तड़पता रहा। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल बसना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
गलत दिशा में जा रहे थे ग्रामीण, बना हादसे का कारण
प्रतिदिन की तरह सोमवार सुबह भी ग्रामीण अपने पशु लेकर बकरी बाजार की ओर जा रहे थे। बताया गया कि कई दुपहिया चालक गलत दिशा (रॉंग साइड) से बाजार तक पहुंचने की कोशिश करते हैं, ताकि उन्हें लंबा चक्कर न लगाना पड़े। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई।

ग्रामीणों का कहना है कि रायपुर दिशा से आने वाले वाहनों की रफ्तार काफी तेज होती है, और ज़ेब्रा क्रॉसिंग पर पार करते समय अक्सर लोग बिना आगे-पीछे देखे सड़क पार करते हैं। यही लापरवाही हादसों का कारण बन रही है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही बसना कॉलेज में पढ़ाने जा रही एक महिला शिक्षिका भी एक कार की चपेट में आने से बाल-बाल बची थीं। इससे पहले भी इसी स्थान पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस यातायात प्रबंधन नहीं किया गया है।
बसों की मनमानी और यातायात नियमों की अनदेखी
रायपुर से आने वाली सैकड़ों बसें रोज़ाना मुख्य सड़क के बीच में ही सवारियों को चढ़ाती–उतारती हैं। इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। लोगों का कहना है कि बस संचालक नियमों की अनदेखी करते हैं, लेकिन प्रशासन या जनप्रतिनिधियों की ओर से इस पर कोई रोक नहीं लगाई जाती।
ग्रामीणों को यातायात जागरूकता की आवश्यकता
ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश लोगों को यातायात नियमों की जानकारी नहीं होती। वे गांव की सड़क की तरह ही राष्ट्रीय राजमार्ग पार करते हैं। पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे वाहन अक्सर उन्हें दिखाई नहीं देते, जिसके चलते हादसे होते हैं।
यातायात विशेषज्ञों के अनुसार —
“सड़क पार करने से पहले हमेशा बाईं ओर, फिर दाईं ओर, और फिर से बाईं ओर देखें। ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें और जब तक रास्ता पूरी तरह साफ न हो, तब तक सड़क पार न करें।”
पैदल चलने वालों को फुटपाथ का उपयोग करने और सड़क पार करते समय दौड़ने से बचने की सलाह दी गई है।
स्थानीय मांगें
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बसना क्षेत्र के ज़ेब्रा क्रॉसिंग और बकरी बाजार मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, स्पीड ब्रेकर और सावधानी संकेत बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।




