बिलासपुर में कांग्रेस की बड़ी सभा
बिलासपुर में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा में पार्टी नेताओं ने भाजपा पर जोरदार हमला बोला। बिलासपुर में कांग्रेस की बड़ी सभा के मौके पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि “वोट चोरों को जनता माफ नहीं करेगी। वोट चोरी में दाल में काला नहीं, पूरी दाल ही काली है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केवल धुआँ फेंक रही है।
भूपेश बघेल का तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभा में कहा कि नेताओं को अब यह नहीं कहना चाहिए कि कांग्रेस सरकार ने काम नहीं किया और हम हार गए, बल्कि यह कहना चाहिए कि “बीजेपी ने वोट चोरी की, इसी वजह से कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।” उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने 7 अगस्त को वोट चोरी का प्रमाण पेश किया था और जल्द ही इस मुद्दे पर फिर बड़ा धमाका होगा।
दीपक बैज का आरोप
कांग्रेस सांसद दीपक बैज ने भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनाव आयोग के गठजोड़ से बनी है और आयोग आज कठघरे में खड़ा है। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता बेहाल है — किसान, खाद-बीज, स्कूल, शिक्षक और बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है।
सचिन पायलट का भाजपा पर वार
सचिन पायलट ने मंच से कहा कि “लोकतंत्र की इमारत पर बहुत से लोग नेता बने लेकिन आज जानबूझकर व्यवस्था को बिगाड़ा जा रहा है। भाजपा चाहती है कि देश में केवल एक ही विचारधारा रहे।” उन्होंने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और कहा कि आज दो-एक के बहुमत से चुनाव आयोग के अध्यक्ष का चयन हो रहा है।
जनता की समस्याओं पर सवाल
पायलट ने कहा कि सरकार को क्या अधिकार था कि 10 हजार स्कूल बंद कर दिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिर-मस्जिद और हिंदू-मुस्लिम की राजनीति करके असली मुद्दों से ध्यान भटकाती है। उन्होंने कहा कि “ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल आवाज उठाने वालों के खिलाफ किया जा रहा है।”
मोदी सरकार पर सीधा हमला
पायलट ने प्रधानमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा कि 11 साल में कितने भाजपा नेताओं पर छापे पड़े हैं और तंज कसते हुए पूछा, “क्या सभी भाजपा नेता साधु-संत हैं?”
सभा में मौजूद नेता
मुंगेली नाका ग्राउंड में आयोजित इस सभा में भूपेश बघेल, ताम्रध्वज साहू, मोहन मरकाम, उमेश पटेल, अमरजीत भगत, अनिला भेड़िया, धनेंद्र साहू और अरुण वोरा भी मौजूद रहे। मंच से नारे लगे — “वोट चोर गद्दी छोड़।” मंच से यह भी कहा गया कि देश का सबसे बड़ा वोट चोर कौन है, आप सब जानते है।



