सरायपाली शिक्षा विकासखंड में बड़ा बदलाव : विवादों में घिरे बीईओ-बीआरसी हटाए गए, टीकमचंद पटेल बने नए बीईओ
सरायपाली। लंबे समय से विवादों और शिकायतों से घिरे सरायपाली शिक्षा विकासखंड में आखिरकार बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रकाश चंद्र मांझी और बीआरसी प्रभारी सतीश स्वरूप पटेल को उनके मूल शालाओं में भेज दिया गया है। वहीं, मोहदा शासकीय विद्यालय में पदस्थ टीकमचंद पटेल को नया बीईओ नियुक्त किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत बीईओ प्रकाश चंद्र मांझी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जम्हारी में पदस्थ किया गया है, जबकि बीआरसी प्रभारी सतीश स्वरूप पटेल भी अपने मूल पद पर लौट गए हैं। फिलहाल नए बीईओ टीकमचंद पटेल ने कार्यभार संभाल लिया है और शिक्षक-विद्यार्थियों में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है।
अभिभावकों और शिक्षक संघ की प्रतिक्रिया
अभिभावक अशोक तांडी ने कहा कि यदि अधिकारियों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी तो सच्चाई सामने आ जाएगी।
वहीं, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांतीय सचिव रूपानंद पटेल ने लिखा – “भ्रष्टाचार और विवादों में घिरे ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को हटाया गया, इसके लिए शिक्षा मंत्री का धन्यवाद। हो गया सफाया…”
भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप
जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों पर लंबे समय से आर्थिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगे हुए थे।
बिल-वाउचर की खींचतान
योजनाओं के क्रियान्वयन में गड़बड़ी
शैक्षणिक संसाधनों के वितरण में अनियमितता
जैसे मामलों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और शिक्षा विभाग के इस कदम को बड़े प्रशासनिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



