बलौदाबाजार-भाटापारा : बांस करील और पिका के अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, युवक रंगेहाथ पकड़ा गया
बलौदाबाजार-भाटापारा। प्रदेश में बांस करील और पिका के अवैध परिवहन को रोकने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में महराजी सर्कल की टीम ने गिरौदपुरी निवासी प्रवीण कुमार पटेल (37 वर्ष) को रंगेहाथ पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेन्द्र कुमार साहू के नेतृत्व में गश्त के दौरान आरोपी को होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG22 AF 8094) से प्रतिबंधित वन उत्पाद ले जाते हुए रोका गया। मौके पर ही मोटरसाइकिल और बांस करील-पिका जब्त कर पी.ओ.आर. दर्ज की गई। बरामद सामग्री को नियमानुसार गड्ढा खोदकर नष्ट कर दिया गया।
इस कार्रवाई पर वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने कहा कि “वन संपदा की अवैध कटाई और परिवहन पर्यावरण व जंगलों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।”
उन्होंने ग्रामीणों और आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि सामूहिक प्रयासों से वनों और वन्य उत्पादों की रक्षा की जा सके।



