रायपुर। सिलतरा स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में लोहे की गर्म चीज गिरने से 6 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसा धरसींवा थाना क्षेत्र में हुआ है।
सिलतरा स्टील फैक्ट्री हादसे में 6 मजदूरों की मौत, 6 घायल; सीएम ने जताया दुख
जानकारी के अनुसार सिलतरा स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री हादसा में उस समय हुआ जब फैक्ट्री में मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। अचानक भारी गर्म धातु मजदूरों पर गिर गई, जिससे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा।
विधायक पहुंचे मौके पर
धरसींवा विधायक अनुज शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में मृत और घायल कर्मचारी छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश जैसे विभिन्न राज्यों से आए हुए थे। विधायक ने अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और कहा कि उनमें से कुछ की हालत खतरे से बाहर है, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
जांच होगी शुरू
सिलतरा फैक्ट्री हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रबंधन और पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही कारणों का खुलासा होगा। विधायक शर्मा ने कहा कि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि मृत कर्मचारी किस पद पर कार्यरत थे और किस परिस्थिति में यह दुर्घटना हुई। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
फैक्ट्री को परिजनों ने घेरा
सिलतरा स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग फैक्ट्री गेट पर जमा हो गए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन से तत्काल कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। वहीं, अंदर पुलिस के आला अधिकारी, एसडीएम और थाना प्रभारी मौजूद रहे और हालात को काबू में करने का प्रयास किया।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सिलतरा फैक्ट्री में हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में कोई लापरवाही न हो और उन्हें सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
निर्माणाधीन फैक्ट्री में हादसा
सूत्रों के मुताबिक, जिस प्लांट में यह घटना हुई, वह निर्माणाधीन स्टील फैक्ट्री है। यहां रोजाना सैकड़ों मजदूर काम कर रहे थे। हादसे के बाद से मजदूरों में दहशत का माहौल है।







