बागबाहरा: खांडादरहा स्कूल की छत का स्लैब गिरा, ग्रामीणों ने की नया भवन बनाने की मांग
महासमुंद। बागबाहरा ब्लॉक के खांडादरहा प्राथमिक विद्यालय में बीते रात बड़ा हादसा टल गया। कक्षा चौथी के कमरे की छत का स्लैब अचानक टूटकर गिर गया। सौभाग्य से घटना रात में हुई, अन्यथा बड़ी अनहोनी हो सकती थी। बताया जा रहा है कि यह भवन करीब 35 साल पुराना है और लंबे समय से जर्जर हालत में था।
वर्तमान में विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक 32 बच्चे अध्ययनरत हैं। घटना की जानकारी लगते ही मंगलवार सुबह पालक और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने विद्यालय परिसर में तालाबंदी कर दो घंटे तक प्रदर्शन किया और सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि बच्चों की पढ़ाई लगातार खतरे में है, लेकिन विभाग लापरवाह बना हुआ है।
सूचना मिलने पर बीईओ कौशल वर्मा, एडीईओ, और संकुल प्रभारी कौशल चन्द्राकर सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नया भवन बनाए जाने की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही नया भवन स्वीकृत कर निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाबंदी समाप्त की। फिलहाल बच्चों की पढ़ाई पंचायत भवन में कराई जाएगी।
बीईओ कौशल कुमार वर्मा ने बताया कि नया भवन बनाने के लिए प्राकलन तैयार कर लिया गया है और इसे विद्यालय के सामने खाली मैदान में बनाया जाएगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे पिछले एक साल से नया भवन बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया। सरपंच हरीश जगत ने बताया कि भवन को डिस्मेंटल करने की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पहले ही दी जा चुकी है।



