पिथौरा। शहीद कमलेश्वर सोनवानी हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं ने नियमित रूप से विद्यालय आने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीखम सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष जिला पंचायत महासमुंद ने कहा कि “राज्य शासन की सरस्वती साइकिल योजना बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का एक सशक्त कदम है।”
उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राएं बिना किसी कठिनाई के विद्यालय पहुँच सकेंगी और उच्च शिक्षा की ओर आगे बढ़ेंगी।
श्री ठाकुर ने छात्राओं को संदेश दिया कि वे साइकिल का उपयोग केवल विद्यालय आने-जाने के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सपनों और लक्ष्यों की ओर बढ़ने के साधन के रूप में करें। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ शिक्षित होंगी, तभी समाज सशक्त बनेगा।
विशेष अतिथि नीलकंठ साहू ने कहा कि यह योजना समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच और समान अवसर की भावना को मजबूत करती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दीं। इस अवसर पर जयंती सिदार (जनपद सदस्य सभापति), दिनेश अग्रवाल, पिथौरा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ साहू, ताराचंद देवांगन, सीताराम ठाकुर, पूरन सबर, ओमप्रकाश ध्रुव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।



