सरायपाली(जीतयादव)। गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा (2025-26) के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय पुरस्कार वितरण एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करना था।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत आदि शक्ति मां गायत्री माता के पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के स्वर में समूह साधना एवं सत्संकल्प पाठ के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संध्या भोई उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बोध राम साहू ने की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में टी.सी. पटेल, सी.एल. पुहूप, पूर्णानंद मिश्रा, डॉ. चंद्रिका चौधरी, देवानंद नायक, भारत सिंह साहू तथा नरेश साहू मौजूद रहे। इस दौरान भारत सिंह साहू ने भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि संगीत टोली द्वारा प्रस्तुत प्रज्ञा गीत कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

समारोह में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों से आए संस्था प्रमुखों, प्रभारी शिक्षकों और शिक्षिकाओं को भी प्रशस्ति पत्र एवं साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हुए नियमित अध्ययन के साथ नैतिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की परीक्षाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नरेश साहू द्वारा नशा मुक्ति संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्य, पुरस्कृत विद्यार्थियों के अभिभावक, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और परीक्षा संचालन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



