बसना।शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में बसंत पंचमी का पावन पर्व बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बन गया। बसंत पंचमी को विद्या, ज्ञान और कला की देवी मां सरस्वती का विशेष महत्व होता है, इसी भावना के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
बसंत पंचमी के पावन पर्व में विद्या की देवी मां सरस्वती की आराधना किया गया। विद्यालय में बना भक्तिमय वातावरण।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्या दायिनी मां सरस्वती के चित्र के समक्ष प्रधान पाठक सरविन्द सिदार द्वारा पुष्प अर्पण, तिलक एवं अगरबत्ती प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना से की गई। इसके पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना, प्रार्थना एवं भजन प्रस्तुत किए, जिसे देखकर उपस्थित सभी सहायक शिक्षक लगन नाग, खीरवंती भोई, पंचायत शिक्षिका अगेश्वरी दास एवं बच्चे भावविभोर हो गए।

प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने अपने उद्बोधन में बसंत पंचमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें ज्ञान, सद्बुद्धि और संस्कारों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि मां सरस्वती की कृपा से ही जीवन में सफलता और उज्ज्वल भविष्य प्राप्त होता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चे पीले वस्त्र धारण कर बसंत ऋतु के आगमन का आनंद लेते नजर आए। विद्यालय परिसर में खुशी और उल्लास का वातावरण बना रहा। अंत में सभी बच्चों को प्रसाद वितरण किया गया।
इस प्रकार शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में बसंत पंचमी पर्व सादगी, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जो बच्चों के मन में शिक्षा एवं संस्कारों के प्रति सकारात्मक भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध हुआ।



