महासमुंद। जिले के बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां डॉक्टर की मौजूदगी में एक निजी एंबुलेंस ड्राइवर ने घायल मरीज को टांके लगा दिए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 अगस्त की रात सड़क हादसे में घायल नोमेश ध्रुव को 112 एंबुलेंस के जरिए बागबाहरा सीएचसी लाया गया था। उस समय डॉ. सौम्य रंजन पटेल ड्यूटी पर मौजूद थे। इलाज के दौरान जब मरीज को टांके लगाने की जरूरत पड़ी, तब डॉक्टर की मौजूदगी में एंबुलेंस ड्राइवर मनोज यादव ने ही मरीज को टांके लगा दिए।
इस घटना को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं और जांच की मांग तेज हो गई है। मामले पर महासमुंद सीएचएमओ आई. नागेश्वर राव ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।


