महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विद्यार्थियों के अपार आईडी (Automated Permanent Academic Record) निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक विद्यार्थी का अपार आईडी समयसीमा के भीतर तैयार होना चाहिए, ताकि सभी का शैक्षणिक विवरण एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड के रूप में सुरक्षित रहे। इसके लिए जिलेभर में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इन शिविरों में विद्यार्थियों और पालकों को अपार आईडी से जुड़ी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे ने बताया कि शिविर में आने वाले विद्यार्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है। अपार आईडी निर्माण के लिए आवश्यक दस्तावेजों में पैन कार्ड,आधार कार्ड,फोटोयुक्त 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, फोटोयुक्त दिव्यांग प्रमाणपत्र शामिल हैं। इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु वाले विद्यार्थियों के लिए जन्म प्रमाण पत्र और स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र भी आवश्यक हैं।
कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों की जानकारी विद्यालय स्तर पर व्यापक रूप से प्रचारित की जाए, ताकि कोई भी विद्यार्थी इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि अपार आईडी निर्माण से विद्यार्थियों का शैक्षणिक रिकॉर्ड सुरक्षित, पारदर्शी और राष्ट्रीय स्तर पर उपयोगी रहेगा, जिससे आगे चलकर प्रवेश, छात्रवृत्ति और रोजगार संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा होगी।



