महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत 15 दिनों के भीतर ANTF महासमुंद द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 113 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 47 लाख 15 हजार रुपये है, जब्त किया गया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त 7 वाहन भी जप्त किए गए हैं।

ANTF द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने हेतु एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के तहत न केवल गांजा परिवहन करने वालों के विरुद्ध बल्कि मादक पदार्थों की बिक्री करने वाले स्रोत बिंदु (Source Point), खरीद करने वाले गंतव्य बिंदु (Destination Point) एवं तस्करी के माध्यम के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान ओडिशा राज्य से भी आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।
ANTF एवं पुलिस टीम द्वारा की गई कार्यवाही में थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में 4, थाना बसना में 1 तथा थाना सांकरा में 1 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
15 दिवस में की गई प्रमुख कार्यवाहियों का विवरण इस प्रकार है—
दिनांक 22 दिसंबर 2025 को थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में हुंडई औरा कार क्रमांक MG49BZ4608 से गांजा तस्करी करते हुए 2 आरोपियों ऋषिराज ठाकुर एवं उमेश वानखेड़े, दोनों निवासी जिला नागपुर (महाराष्ट्र), को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 9 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये है, जब्त किया गया।
दिनांक 24 दिसंबर 2025 को थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में टाटा जीस्ट कार क्रमांक UP 92 S 1313 से 1 आरोपी कुशल सिंह निवासी उरई, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से 50 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये है, जप्त किया गया।

दिनांक 25 दिसंबर 2025 को थाना सांकरा क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों के माध्यम से गांजा परिवहन करते हुए 4 आरोपियों विजय ठकरेले, हरिराम, विनोद बिसेन एवं पुशुलाल ठकरेले, सभी निवासी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश), को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 20 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये है, जब्त किया गया।
दिनांक 29 दिसंबर 2025 को थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP00ZL5219 से गांजा तस्करी करते हुए 2 आरोपियों ओमकार कुशवाहा एवं सपना बेन, दोनों निवासी जबलपुर, के कब्जे से 8 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, जप्त किया गया।
दिनांक 05 जनवरी 2026 को थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में ऑटो वाहन क्रमांक CG04T8913 से 2 आरोपियों मुर्शिद खान निवासी महासमुंद एवं सागर साड़वे निवासी थाना, महाराष्ट्र के कब्जे से 26 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये है, जप्त किया गया। इस प्रकरण में एंड-टू-एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा राज्य के जिला बौद्ध निवासी आरोपी संबित मलिक को भी गिरफ्तार किया गया है।
इसी दिनांक 05 जनवरी 2026 को थाना बसना क्षेत्र में स्कूटी जुपिटर क्रमांक CG04QF1738 से 2 आरोपियों हेमराज ठाकुर निवासी पाटन, जिला दुर्ग एवं रौनिक बघेल निवासी तेलीबांधा, रायपुर के कब्जे से 10 किलो 450 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख 25 हजार रुपये है, जप्त किया गया। इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई करते हुए वाहन मालिक हर्षित सक्सेना निवासी रायपुर को भी गिरफ्तार किया गया।
कुल जप्ती एवं वैधानिक कार्रवाई
महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 प्रकरणों में कुल 15 आरोपियों के कब्जे से 113 किलोग्राम गांजा, जिसकी कुल कीमत 47 लाख 15 हजार रुपये है, जप्त किया गया है। इसके साथ ही 2 कार, 3 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी एवं 1 ऑटो वाहन, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 लाख 40 हजार रुपये है, जप्त किए गए हैं।
महासमुंद पुलिस द्वारा सभी आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।





